वेस्ट वारियर संस्था ने बंग्लों की कांडी में जाकर ग्रामीणों को कूड़ा प्रबंधन की जानकारी दी व जागरूक किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों को एकत्र किया तथा संस्था के सदस्यों ने उन्हें कूडे के निस्तारीकरण की विस्तार से जानकारी दी व कहा कि सूखे कूड़ेें को जलाएं नहीं बल्कि एक जगह एकत्र करें ताकि गाड़ी से उसे उठाकर निस्तारण के लिए ले जाया जा सके।
इस मौके पर संस्था सदस्य गीता ध्यानी ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि उनकी संस्था वेस्ट वारियर कैंपटी फाल क्षेत्र में विगत कई वर्षो से कार्य कर रही है व लोगों को सूखा व गीला कूड़ा अलग अलग डस्टबिन में रखने के लिए जागरूक कर रही है ताकि क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे। उन्होंने कहा कि संस्था ने बंग्लों की कांडी में स्वच्छता समिति का गठन किया है तथा उनका बैंक एकाउंट खोला जायेगा। उन्होंने बताया कि इसके बाद सभी से यूजर चार्ज लिया जायेगा जिसमें ग्रामीणों से पचार रूपये प्रतिमाह, छोटे किराने की दुकानों से सौ रूपये, जहां गीला व सूखा कूड़ा एकत्र होता है उनसे दो सौ रूपये, व रेस्टोरेंट से पांच सौ रूपये व होटलों से एक हजार रूपया प्रतिमाह लिया जायेगा। वहीं जो कूड़ा गाड़ी को नहीं देगा व इधर उधर फेंकेगा उन पर जुर्माने का प्रावधान भी रखा गया है। जिसमें जो कूड़ा जलायेगा व गाडी को नहीं देगा उससे दस गुना जुर्माना लिया जायेगा वहीं जो ग्रामीण पंचास रूपये यूजर चार्ज नहीं देगा व कूड़ा डंप करेगा उनपर पांच सौ रूपये जुर्माने का प्रावधान रखा गया है। यह व्यवस्था ग्राम पंचायत को करनी है। उन्होंने बताया कि जुर्माना लेना लक्ष्य नहीं है बल्कि लोगों की आदतों को सुधारना लक्ष्य है ताकि वे कहीं भी कचरा न फेंके व कूडे को निर्धारित स्थान पर डालें। उन्हांेने कहा कि कैंपटी व बंग्लों की कांडी को जीरो वेस्ट डेस्टिनेशन बनाना है। उन्होंने यह भी कहा कि कूडा समस्या नहीं है बल्कि लोगों की आदतों को बदलना समस्या है ताकि वे समझें व इसके बाद पूरी पंचायत को इसका लाभ मिलेगा। पहाड़ी क्षेत्र होने के नाते डोर टू डोर कूडा उठाना संभव नहीं है। इस मौके पर ग्राम प्रधान सुंदर सिंह रावत ने कहा कि वेस्ट वारियर संस्था गांव को स्वच्छ बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है इसके सभी को सहयोग देना चाहिए ताकि गांव साफ सुथरा रहे व हर गांववासी अपने को गर्व महसूस कर सके यह तभी संभव है जब सभी ग्रामीण अपना सूखा कचरा गांव में बने डस्टबिन में डाले। वहीं उन्होंने कहा कि आने वाले समय में डोर टू डोर कूडा कलेक्शन का कार्य भी शुरू किया जायेगा। इस मौके पर कैंपटी फाल व्यापार संघ अध्यक्ष अशोक नौटियाल, करीना रावत, सुनील नौटियाल, पूजा नौटियाल, संदीप नौटियाल सहित ग्रामीण मौजूूद रहे।